पटना , मार्च 31 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को बिहार में नालंदा जिले के शीतला मंदिर में भगदड़ के कारण हुई आठ लोगों की दुखद मौत पर शोक जताया है।

एक दिवसीय दौरे पर आज नालंदा पहुंची राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने कहा कि इस घटना में कई श्रद्धालुओं की मौत की खबर "अत्यंत दुखद" है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में ईश्वर से उनके परिवारों को सहन शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

राष्ट्रपति ने कहा कि सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदना है।उन्होंने इस घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत माधा स्थित शीतला मन्दिर के एक धार्मिक आयोजन के दौरान हुई भगदड़ में आठ महिला श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई और कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय प्रशासन बचाव एवं राहत कार्यों में जुटा है, जबकि घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित