श्रीगंगानगर , मार्च 03 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में स्थित सैन्य छावनी में सोमवार को सेना के एक सूबेदार की सुबह व्यायाम और दौड़ लगाने के बाद दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सूबेदार मुकेश सिंह राजपूत (46) रोजाना करीब 12 किलोमीटर की दौड़ लगाते थे। उसके बाद पीटी व्यायाम करता थे। सुबह करीब सवा सात बजे वह पीटी व्यायाम और दौड़ लगाने के बाद अपने क्वार्टर जा रहे थे कि मैदान में ही उन्हें चक्कर आ गया और वह गिर गये। उन्हें तुरंत साधुवाली छावनी के सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गयी।

पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव सेना के सुपुर्द कर दिया। अंतिम संस्कार के लिए शव उनके पैतृक गांव मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा के जौटाई गांव ले जाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित