अलवर , अप्रैल 28 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार करके उनसे चोरी की छह मोटर साइकिलें और हथियार बरामद किये हैं।
रामगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक पिंटू कुमार ने मंगलवार को बताया कि नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी कीछह मोटरसाइकिलें, एक देसी पिस्तौल, कारतूस और करीब 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की।
उन्होंने बताया कि पकड़े गये आरोपियों की पहचान रविंद्र सिंह (22) और मोनू सिंह उर्फ मोली (20) के रूपमें हुई है। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि चोरी की मोटर साइकिलें चोर बाजार में मात्र छह हजार रुपये में बेच दी जाती हैं, जिन्हें ज्यादातर शराब तस्कर खरीदते हैं ताकि अवैध शराब की तस्करी में इस्तेमाल कर सकें।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद मोटर साइकिल के इंजन और चेसिस नंबर मिटा दिये जाते हैं और कई बार उनके पार्ट्स अलग-अलग करके बेच दिये जाते हैं। आरोपी बैंक, मंदिर, सार्वजनिक स्थानों और यहां तक कि श्मशान घाटों से भी मोटर साइकिल की चोरी करते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित