कांकेर , जनवरी 22 -- छत्तीसगढ़ में चरामा-रतेसरा मार्ग के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर गुरुवार तड़के दो वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार माजदा गाड़ी में लकड़ियां भरी हुयी थी, जबकि रायपुर का मिनी ट्रक खाली था। दोनों ही वाहनों की रफ्तार तेज थी जिसके चलते सभी तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। दुर्घटना में माजदा वाहन में सवार दो लोगों की और मिनी ट्रक चालक की मौत हुई है।

पुलिस ने आज तड़के करीब साढ़े तीन बजे जेसीबी, क्रेन आदि की मदद से यातायात व्यवस्था को शुरू करवाया है।

एसडीओपी मोहसिन अली ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौतें हुई हैं। मृतकों की पहचान आदि नहीं हो सकी है, दुर्घटना के बाद यातायात को बहाल करवा लिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अशोक लीलेंड कंपनी के मिनी ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे बड़ी मशक्कत के बाद निकाला जा सका है।

हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया था, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस टीम और प्रशासनिक अमले ने मिलकर जेसीबी व अन्य मशीनों की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाकर यातायात व्यवस्था को बहाल किया है।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी इसी स्थान पर एक युवक की कार की टक्कर से मौत हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

घटना चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम रतेसरा की बताई जा रही है।।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित