बारां , नवम्बर 05 -- राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने बुधवार को बारां जिले के अन्ता विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के पक्ष में अन्ता शहर से सीसवाली तक रोड़ शो किया।
रोड शो के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया, जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा भी साथ थे। इस अवसर पर सीसवाली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए श्री पायलट ने कहा कि अन्ता क्षेत्र में अधिकतर विकास के कार्य कांग्रेस के कार्यकाल में प्रमोद भाया द्वारा करवाये गये हैं। भाजपा के विधायक की सीट खाली होने के फलस्वरूप यह उपचुनाव हो रहा है। चुनाव कोई भी लड़ सकता है, लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव लड़ा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा को राज्य में सत्तारूढ़ दाे वर्ष हो गये, जनता ने भाजपा के इस कार्यकाल को देख लिया है, जो भाजपा की वायदा खिलाफी रही। उसका भी जनता आकलन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में अंतर्कलह और आपसी खींचतान इतनी है कि यहां के भाजपा प्रत्याशी के टिकट वितरण में भी काफी विलम्ब हुआ।
इससे पहले रोड शो अंता शहर के एनटीपीसी तिराहा से प्रारम्भ हुआ। यहां से अंता शहर में होते हुए काफिला ग्राम रातड़िया, बालाखेड़ा, बालदड़ा तिराहा, बड़गांव तिराहा, पाटोन्दा तिराहा, उदपुरिया से होते हुए सीसवाली पहुंचा, जहां से कालूपुरा, नाका चुंगी, आजाद चैक, मेला ग्राउण्ड होते हुए काफिला ग्राम शाहपुरा, बोरदा से गुजरते हुए मांगरोल शहर में पहुंचा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित