महोबा , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की झांसी विजिलेंस टीम ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग में तैनात एक कर्मचारी को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस उपाधीक्षक ए.के. सिंह ने बताया कि जिला स्वास्थ्य कार्यालय के परिवार कल्याण विभाग में बाबू के पद पर कार्यरत जीतेश सोनी को शहर स्थित राघव होटल से एक व्यक्ति की तैनाती के नाम पर दो लाख रुपये लेते हुए पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि विजिलेंस टीम ने पूर्व सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी को धनराशि का लेनदेन करते समय रंगेहाथ दबोचा। प्रारंभिक जांच में यह आरोप सामने आया है कि रिश्वत की रकम मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नाम पर ली जा रही थी।
पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उक्त धनराशि मुख्य चिकित्सा अधिकारी के लिए ही ली जा रही थी। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित