जयपुर , अप्रैल 28 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में नगर निगम ने नवाचारों की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम रखते हुए दो मई को "रंग दे गुलाबी" अभियान की घोषणा की हैं और इसके तहत देश में पहली बार एक ही दिन में 500 दीवारें रंगने का प्रयास किया जायेगा।
नगर निगम के आयुक्त ओम कसेरा ने मंगलवार को यहां प्रेस वार्ता में में यह जानकारी देते हुए इस महत्वाकांक्षी अभियान को जयपुर के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताया। श्री कसेरा ने बताया कि "सफाई सेवा मैराथन" से स्वच्छता की दिशा में मजबूत आधार स्थापित करने के बाद अब शहर को और अधिक आकर्षक और जीवंत बनाने की दिशा में यह अगला कदम है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि "रंग दे गुलाबी" केवल गुलाबी रंग तक सीमित नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य गुलाबी नगरी जयपुर को विभिन्न रंगों से और अधिक सुंदर, सृजनात्मक और जीवंत बनाना है। शहर की दीवारों पर पारंपरिक गुलाबी के साथ-साथ आकर्षक और कलात्मक रंगों का उपयोग किया जाएगा, जिससे हर क्षेत्र अपनी अलग पहचान के साथ उभरे और शहर की सांस्कृतिक विरासत का आधुनिक स्वरूप सामने आए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित