इटावा , फरवरी 06 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के जसवंतनगर क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज पर दो बाइकों की टक्कर के बाद एक युवक करीब 50 फुट नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि दूसरा युवक मामूली रूप से घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार को उस समय हुआ जब साहिल और तेजस नामक दो युवक अलग-अलग बाइकों से रेलवे ओवरब्रिज पर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों के बीच रेस लगने के दौरान टक्कर हो गई, जिससे साहिल संतुलन खोकर पुल से नीचे जा गिरा। उसे गंभीर हालत में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया है।
दूसरा युवक तेजस भी हादसे में घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए जसवंतनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) आयुषी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित