भरतपुर , मार्च 15 -- राजस्थान में धौलपुर के मनिया में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग और रिफिलिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला रसद विभाग ने दो प्रतिष्ठानों पर छापा मार कर 12 घरेलू गैस सिलेंडर एवं अवैध रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए हैं।

विभागीय सूत्रों ने रविवार को बताया कि मनियां में जीटी रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के पास घरेलू सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरने के आरोपी लाला किराना स्टोर पर भूपेन्द्र बंसल के पास से चार घरेलू गैस सिलेंडर, दो अप्रमाणित छोटे सिलेंडर, दो अन्य छोटे सिलेंडर के साथ रिफिलिंग उपकरण के रूप में बांसुरीनुमा एक पाइप जब्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान बसई नवाब रोड पर मूला हलवाई की दुकान पर दुकानदार सतेन्द्र घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करके मिठाई, समोसा और कचौरी बनाते मिलने पर चार घरेलू गैस सिलेंडर (प्रत्येक 14.2 किलोग्राम), एक भट्टी, नली और रेगुलेटर जब्त किए गए। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 12 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित