भरतपुर , अप्रैल 25 -- राजस्थान में धौलपुर के बाड़ी उपखंड के कंचनपुर थाना क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस ने शुक्रवार रात दो बाल विवाह रुकवा दिये। प्रशासनिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 30 अप्रैल को होने वाली शादी से पहले गांव में फलदान और दावत का कार्यक्रम चल रहा था। प्रशासन को जानकारी मिली कि बिलोनी गांव में दो नाबालिग लड़कों का विवाह कराया जा रहा है।

सू्त्रों ने बताया कि माता-पिता से पूछताछ की गई। लड़कों के आधार कार्ड की जांच की गयी तो दोनों लड़के नाबालिग पाए गए। प्रशासन ने शादी रुकवाकर माता-पिता को भविष्य में ऐसी शादी नहीं करने के लिए पाबंद किया।

शादी से संबंधित सभी रस्मों को भी तत्काल रोक दिया गया। मौके पर गिरदावर, पटवारी और पुलिस निगरानी के लिए तैनात की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित