शिवपुरी , दिसंबर 2 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र में धाय महादेव चौराहे के पास कल शाम मोटरसाइकिल से घर लौट रहे एक शिक्षक की दो नकाबपोश हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का नाम कल्याण सिंह लोधी था, जो कमलपुर विद्यालय में पदस्थ थे।

जानकारी के मुताबिक कल्याण सिंह अपने एक सहकर्मी शिक्षक के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे, तभी चौराहे के पास मोटरसाइकिल पर पहुंचे दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। हमले में दोनों शिक्षक घायल हुए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए झांसी ले जाया गया। उपचार के दौरान कल्याण सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे शिक्षक का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित