भरतपुर , अप्रैल 16 -- राजस्थान में भरतपुर में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर एक पर गुरुवार को सुबह दो जवानों ने एक व्यक्ति को मौत के मुंह में जाने से बचा लिया।
राजकीय रेलवे पुलिस (आरपीएफ) सूत्रों ने बताया कि मरुधर एक्सप्रेस में यात्री मनोज कुमार अग्रवाल (58) अपनी पत्नी के साथ सफर कर रहा थे। ट्रेन के भरतपुर जंक्शन पर ठहराव के दौरान वह खाने पीने का सामान लेने के लिए ट्रेन से उतरे। उसी दौरान ट्रेन चलने लगी। ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिरकर प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में जाने लगे।
यह देखकर वहां मौजूद आरपीएफ आरक्षक राकेश सिंह मीणा एवं होम गार्ड जवान योगेश कुमार उन्हें बचाने के लिए तेजी से दौड़कर उसके पास पहुंचे और उसे खींचकर बचा लिया। बाद में आरक्षक द्वारा वाकी टॉकी से ट्रेन प्रबधंक को सूचना देकर ट्रेन को रुकवाया गया एवं यात्री को सुरक्षित ट्रेन में बैठाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित