चंडीगढ़ , फरवरी 13 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने शुक्रवार को जिला उद्योग केंद्र कार्यालय, लुधियाना में तैनात सीनियर इंडस्ट्रियल प्रमोशनल अधिकारी जसपाल सिंह और रिशव गर्ग तथा जिला उद्योग केंद्र कार्यालय, लुधियाना में तैनात ट्रेड असिस्टेंट अंतरप्रीत सिंह को तीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि इन आरोपियों को फोकल पॉइंट, लुधियाना के निवासी द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता फोकल पॉइंट, लुधियाना में एक प्रोडक्शन यूनिट चलाता है। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने अपनी यूनिट के संबंध में प्रोडक्शन प्रमाणपत्र की सही तारीख के लिए आवेदन दिया था और इस प्रमाणपत्र को जारी करने के बदले उपरोक्त आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 45,000 रुपये की रिश्वत मांगी।

शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने एक जाल बिछाया, जिसमें तीनों आरोपियों को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना लुधियाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और इस मामले की आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित