सीहोर , मई 10 -- मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के दोराहा थाने में पदस्थ एक आरक्षक ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसके आधार पर जांच तेज कर दी गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरक्षक जितेंद्र वर्मा का शव रविवार सुबह दोराहा क्षेत्र स्थित उनके किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर दोराहा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरक्षक मूल रूप से मंडी थाना क्षेत्र के निपानिया गांव के निवासी थे और दोराहा में अकेले किराए के मकान में रहते थे। रविवार सुबह कमरे से बाहर नहीं निकलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। खिड़की से देखने पर उनका शव फंदे पर लटका दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार आरक्षक ने कमरे में रखी गैस टंकी पर खड़े होकर फंदा लगाया था और बाद में टंकी नीचे गिर गई, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई। घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार आत्महत्या के पीछे पैसों के लेन-देन और व्यक्तिगत तनाव की आशंका जताई जा रही है। एसडीओपी पूजा शर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट को हैंडराइटिंग विशेषज्ञ के पास भेजा जाएगा तथा मोबाइल कॉल डिटेल और हाल के संपर्कों की भी जांच की जाएगी। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित