मुंबई , अप्रैल 16 -- घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को दिग्गज कंपनियों में ऊंचे भाव पर मुनाफावसूली से प्रमुख सूचकांक शुरुआती तेजी के बाद अंततः गिरावट में बंद हुए।
सुबह 566 अंक चढ़कर खुलने वाला बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 122.56 अंक (0.16 प्रतिशत) गिरकर 77,988.68 अंक पर रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 34.55 अंक यानी 0.14 प्रतिशत नीचे 24,196.75 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में आज एक हजार अंक से अधिक का उतार-चढ़ाव रहा। यह ऊपर 78,730.32 अंक और नीचे 77,674.93 अंक तक गया।
प्रमुख सूचकांकों के विपरीत वृहत बाजार में सभी सूचकांक हरे निशान में रहे। मझौली और छोटी कंपनियों में अच्छी लिवाली देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.63 प्रतिशत ऊपर रहे।
धातु, आईटी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में अच्छी तेजी थी। वहीं, ऑटो, बैंकिंग, वित्त और तेल एवं गैस समूहों ने बाजार पर दबाव बनाया।
एनएसई में कुल 3,324 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,145 के शेयर ऊपर और 1,087 के नीचे बंद हुए। अन्य 92 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 16 के शेयर लाल निशान में बंद हुए। एचडीएफीसी बैंक में सबसे अधिक 1.75 प्रतिशत की गिरावट रही। टाइटन का शेयर 1.37 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.07 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनीलिवर, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, इंडिगो, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी टूट गये।
ट्रेंट में 2.69 प्रतिशत, इंटरनल में 2.54 प्रतिशत और अडानी पोर्ट्स में 2.30 प्रतिशत की तेजी रही। बीईएल का शेयर 1.81 प्रतिशत, इंफोसिस का 1.05 प्रतिशत और एलएंडटी का 1.02 प्रतिशत मजबूत हुआ। टाटा स्टील, टीसीएस, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, आईटीसी, मारुति सुजुकी और बजाज फिनसर्व के शेयर भी बढ़त में रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित