देहरादून , मार्च 11 -- ग्राफिक एरा डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय के ग्राफिक एरा स्कूल ऑफ मैनेजमेंट 13-14 मार्च को भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद, नयी दिल्ली के सहयोग से जीएसटी सुधारों के सामाजिक-आर्थिक प्रभाव विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा।

सम्मेलन का विषय "जीएसटी सुधारों का सामाजिक-आर्थिक प्रभाव: समावेशी आर्थिक विकास और डिजिटल उत्कृष्टता की दिशा में" रखा गया है।

इस सम्मेलन में देशभर से नीतिनिर्माता, अर्थशास्त्री, शिक्षाविद, उद्योग विशेषज्ञ तथा शोधकर्ता भाग लेंगे और जीएसटी सुधार, डिजिटल शासन, वित्तीय संघवाद, अनुपालन प्रणाली तथा समावेशी आर्थिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। सम्मेलन की चर्चाएं भारत के दीर्घकालिक विकास दृष्टिकोण "विकसित भारत 2047" से भी जुड़ी होंगी।

सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंता नागेश्वरन का विशेष नीति संबोधन होगा। सम्मेलन के अंतर्गत 12 विषयगत तकनीकी सत्र, एक शोध उत्कृष्टता कार्यशाला तथा जीएसटी सुधारों पर एक उच्च स्तरीय नीति पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही महिला विशेषज्ञों की एक विशेष महिला पैनल चर्चा भी आयोजित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित