हरिद्वार , फ़रवरी 14 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के देहरादून स्थानांतरण पर आज कैम्प कार्यालय में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि डोबाल के कुशल नेतृत्व में जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रही और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए गए विभिन्न अभियानों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई। उनकी अनुशासनप्रिय कार्यशैली और जनहित में लिए गए प्रभावी निर्णयों की सभी ने सराहना की।

अपने संबोधन में डोबाल ने जनपद में कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और टीम भावना के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में भावुक माहौल के बीच पुलिस कर्मियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित