देहरादून/जौलीग्रांट, अप्रैल 01 -- भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) का 31वां वार्षिक दिवस बुधवार को देहरादून (जौलीग्रांट) विमानपत्तन पर हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विमानपत्तन निदेशक बी.सी.एच. नेगी के नेतृत्व में अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न हितधारक उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई, जिसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विमानपत्तन निदेशक ने एएआई अध्यक्ष का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें संगठन की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का उल्लेख किया गया।

कार्यक्रम में संयुक्त महाप्रबंधक (संचार) दीपक चमोली, संयुक्त महाप्रबंधक (प्रचालन) नितिन कुमार कादियान तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के मुख्य विमानन सुरक्षा अधिकारी जगन्मय सोम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से एएआई गीत का गायन किया, जिससे संगठनात्मक एकता और समर्पण की भावना को बल मिला।

वार्षिक दिवस का यह आयोजन एएआई की उपलब्धियों के उत्सव के साथ-साथ "सुरक्षा सहित सेवा" के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का प्रतीक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित