देहरादून , दिसंबर 21 -- दिल्ली में झंडेवाला स्थित मंदिर दरगाह बाबा श्री पीर रतन नाथ जी महाराज पर 29 नवंबर को एमसीडी और डीडीए की ओर से की गई बुलडोजर कार्रवाई से देहरादून के श्रद्धालुओं में नाराजगी है।

देहरादून के खुड़बुड़ा मोहल्ला में रविवार को मंदिर दरगाह समिति ने शांतिपूर्ण तरीके राम नाम का पाठ करते हुए पद यात्रा निकाली। इस दौरान पूरे मामले को लेकर संवाददाता सम्मेलन करते हुए समिति के प्रधान चंद्र मोहन कपूर और सदस्यों ने कहा कि दिल्ली के झंडेवालान में स्थित करीब 1400 वर्ष पुराने ऐतिहासिक बाबा श्री पीर रतन नाथ मंदिर परिसर में डीडीए ओर एमसीडी द्वारा की गई तोड़फोड़ कार्यवाही से देश विदेश में बसे श्रद्धालुओं में भारी रोष है।

उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को डीडीए एवं एमसीडी के अधिकारियों ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई के दौरान मंदिर परिसर की बाउंड्री-वॉल, तुलसी वाटिका, पानी टंकियां, सीवर लाइन, अस्थायी लंगर हॉल, बिजली पैनल एवं अन्य धार्मिक उपयोग में आने वाले ढांचों को ध्वस्त किया, जिससे लगभग 15 घंटे तक धार्मिक गतिविधियाँ बाधित रहीं।

इस घटना से देश-विदेश में जुड़े करोड़ों श्रद्धालुओं एवं सेवक परिवारों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं। वहीं मंदिर दरगाह का 3803 वर्गगज भूमि पर 1948 से विधिवत कब्ज़ा है तथा 1973 से वैध लीज़ उपलब्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित