देहरादून , फरवरी 20 -- िव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से देहरादून के रेंजर्स मैदान में 21 फरवरी से एक मार्च तक दिव्य कला मेले का आयोजन होने जा रहा है।

इस मेले की नोडल एजेंसी राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम है। देहरादून के राजपुर रोड स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान के सभागार में शुक्रवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. विनीत राणा ने बताया कि बीते तीन वर्षों से देश भर में आयोजित 29 दिव्य कला मेलों ने सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने बताया कि इन मेलों के माध्यम से दिव्यांग कारीगरों और उद्यमियों के लिए बाजार के अवसर सृजित हुए हैं और अब तक करीब 23 करोड रुपए से अधिक का व्यवसाय दर्ज किया है। इस दफा देहरादून में आयोजित होने जा रहे मेले में लगभग 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 100 दिव्यांग कारीगर, कलाकार और उद्यमी भाग लेंगे। यहां पर घर की सजावट और लाइफस्टाइल उत्पाद, वस्त्र, स्टेशनरी और पर्यावरण अनुकूल सामग्री के अलावा पैक्ड ऑर्गेनिक खाद्य उत्पाद, घरेलू सजावट से जुड़े सामान आदि प्रदर्शित और विक्रय के लिए उपलब्ध रहेंगे।

नौ दिवसीय मेला पूर्वाह्न 11 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए निशुल्क खुला रहेगा। इसके साथ ही दिव्यांग कलाकारों व प्रसिद्ध कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी रोजाना आयोजित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित