देहरादून , मार्च 19 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में गुरुवार रात एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद कार एक घर में घुस गई। बेकाबू कार चालक के लापरवाही से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार रात साढ़े सात बजे एक कार चालक गुनीत सिंह, निवासी इंदर रोड डालनवाला ने डीएल रोड़ कट पर तेजी और लापरवाही से वाहन चलाकर एक कार को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। उसके बाद तेजी से आगे भागते हुए एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हादसे में स्कूटी में सवार अंबेडकर नगर निवासी राहुल और मोटरसाइकिल सवार ओल्ड सर्वे रोड निवासी रोहित फिलिप्स वह उनके पुत्र 22 वर्षीय अनुज फिलिप्स गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने तत्काल घायल राहुल को निकटवर्ती प्राइवेट नर्सिंग होम में ले गई। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस के माध्यम से मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि घायल दो अन्य व्यक्तियों राहुल और अनुज को पुलिस निजी वाहन से दून अस्पताल ले गई। मगर उपचार के दौरान रोहित फिलिप्स की मौत हो गई।

बेकाबू कार चालक ने सड़क किनारे एक अन्य मोटरसाइकिल और उसके पास खड़ी स्कूटी को भी टक्कर मारी, उसके बाद कार ओल्ड सर्वे रोड पर स्थित छाबड़ा निवास के गेट को तोड़ते हुए अंदर घुस गई। जहां परिसर में खड़ी स्कूटी और कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

इस घटना के बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और गुनीत को हिरासत में ले लिया है। घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित