देहरादून , फरवरी 17 -- उत्तराखंड में देहरादून जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना बसंत विहार पुलिस ने गुमशुदा युवक दिगंबर धीमान हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
देहरादून जिले के पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला 11 फरवरी का है, जहां देहरादून के शास्त्री नगर निवासी संतराम धीमान ने अपने 28 वर्षीय पुत्र दिगंबर धीमान की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जो 9 फरवरी को न्यायालय में पेशी के बाद घर वापस नहीं लौटा था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दिगंबर के कुछ अन्य साथी भी उसी रात से लापता चल रहे थे।
मोबाइल सीडीआर विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध टैक्सी चालक राजनंदन निवासी न्यू पटेलनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में टैक्सी चालक ने खुलासा किया कि 9 फरवरी की रात दिगंबर के साथियों ने उसके शव को कंबल में लपेटकर उसकी स्विफ्ट डिजायर टैक्सी से चिडियापुर के जंगल में ले जाकर रेत में दबा दिया था।
आरोपितों ने शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान बेसबॉल बैट से सिर पर चोट लगने से दिगंबर की मौत होने की बात स्वीकार की।
पुलिस की ओर से चालक की निशानदेही पर शव बरामद कर टैक्सी कब्जे में ले ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित