देहरादून , मार्च 15 -- उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन की ओर से रविवार को देहरादून में अंतरराष्ट्रीय जूनियर टेनिस टूर्नामेंट का शुभारंभ राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया। प्रतियोगिता में आठ से अधिक देशों के एक सौ से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

डालनवाला स्थित शांति टेनिस अकैडमी में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास की भावना विकसित करता है तथा युवाओं को नई दिशा देता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आयोजित हुए 38वें नेशनल गेम्स ने साबित किया है कि राज्य बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित