, Jan. 29 -- देहरादून 29 जनवरी(यूनीवार्ता) उत्तराखंड मे देहरादून जनपद के विकास नगर क्षेत्र में दो कश्मीरी भाइयों के साथ मारपीट की घटना के आरोप में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने गुरुवार को बताया कि कश्मीर के रहने वाले दो युवकों का दुकान से सामान खरीदने को लेकर एक स्थानीय दुकानदार से कहासुनी तथा विवाद हो गया। इस दौरान दुकानदार ने युवकों के साथ गाली गलौज और मारपीट की। जिसमें से एक युवक के सिर पर चोट आई है।
उन्होंने कहा कि दोनों युवक छुट्टियों में कश्मीर से अपने पिता के पास आए हुए थे, जो हिमाचल प्रदेश के पोंटा साहिब मे किराए में रहते हैं और आसपास के क्षेत्र में फेरी लगाकर शॉल और अन्य सामान बेचने का काम करते हैं। यह दोनों युवक भी अलग-अलग जगहों पर फेरी लगाकर पिता का हाथ बंटा रहे थे।
उन्होंने बताया कि घटना में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ित पक्ष की शिकायत पर घटना में शामिल संजय यादव और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण करने व प्राप्त साक्ष्यों व पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर डाकपत्थर रोड विकास नगर क्षेत्र के संजय यादव 55 वर्षीय को गिरफ्तार कर लिया है। जो विकास नगर क्षेत्र में प्रोविजन स्टोर चलाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित