अहमदाबाद , फरवरी 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को जनता से निहित स्वार्थ में लगी ऐसी ताकतों के प्रति सावधान किया है जो देश की सुरक्षा और जनहित से खिलवाड़ करती हैं।
केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा का अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गुजरात के दौरे पर आये श्री नवीन ने यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी निहित स्वार्थी ताकतें देश में पुनः सक्रिय हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दलों के नेता केवल चुनाव के समय सक्रिय होते हैं, जबकि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता अपने को पूरी तरह जन सेवा में समर्पित करते हैं और जनता से निरंतर संपर्क में रहते हैं। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुएकहा, " हमें जनता के साथ इतना सशक्त और जीवंत संबंध स्थापित करना है कि ऐसे अवसरवादी तत्वों के लिए कोई स्थान न बचे।"उन्होंने देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसा नेता देने के लिए गुजरात की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया जो आज देश और दुनिया का बेहतरी के लिए नेतृत्व कर रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, " गुजरात की धरती के लाल नरेन्द्र मोदी आज देश और विश्व का नेतृत्व कर रहे हैं, उस पावन भूमि को वह नमन करते हैं। इसी धरती से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अहिंसा का संदेश दिया, जिससे भारत को विश्व में विशिष्ट पहचान मिली। भारत को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान प्रत्येक गुजराती के लिए गर्व का विषय है। "उन्होंने कहा कि गुजरात ने देश को अनेक महापुरुष दिये हैं, जिन्होंने देश की संस्कृति और विरासत को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है, जिसका श्रेय श्री मोदी को जाता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि गुजरात की धरती के पुत्र एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भाजपा का व्यापक विस्तार किया है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, संघर्ष और पुरुषार्थ के कारण आज गुजरात विकसित राज्य की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि गुजरात ने लंबे समय से भाजपा सरकार के नेतृत्व में विकास का सकारात्मक अनुभव किया है। भाजपा नेतृत्व ने राज्य के प्रत्येक गांव और शहर तक विकास योजनाएं पहुंचाई हैं,तथा जन-जन को विकास यात्रा से जोड़ा है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के दृढ़ और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत को वैश्विक स्तर पर नयी पहचान मिली है। उन्होंने गुजरात की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही श्री मोदी देश को निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ा रहे हैं।
श्री नवीन ने कहा कि गुजरात के भाई-बहनों ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। गुजरात को आंदोलनों की जननी कहा जाता है, लेकिन यहां आंदोलन केवल परिवर्तन के लिए ही नहीं, बल्कि विकास और नयी ऊर्जा के संचार के लिए भी होते हैं। गुजरात की जनता केवल राज्य सरकार नहीं चुनती, बल्कि ऐसे नेतृत्व का चयन करती है, जिसके बल पर पूरा देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम सभी को प्रधानमंत्री के विचारों के अनुरूप जनता से सतत जुड़े रहकर सेवा को अपना धर्म मानते हुए कार्य करना चाहिए। उन्होंने यहां भव्य स्वागत कार्यक्रम के आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि श्री नवीन ने अपने तीन दिवसीय पहले गुजरात दौरे के अंतर्गत आज अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल, प्रदेश अध्यक्ष जगदीशभाई विश्वकर्मा, उप मुख्यमंत्री हर्षभाई संघवी, कर्णावती महानगर भाजपा अध्यक्ष प्रेरकभाई शाह सहित भाजपा के अनेक नेताओं एवं पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। हवाई अड्डे पर उनके स्वागत के लिए भव्य अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित