चंडीगढ़ , मार्च 24 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा के लिए देश सर्वोपरि है, जबकि कांग्रेस अंतर्कलह और गुटबाजी के कारण दिशाहीन हो चुकी है। वह मंगलवार को सोनीपत जिले की गन्नौर विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत पर काम करते हैं और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र की कमी है और वह एक परिवार पर निर्भर है। उनके अनुसार कांग्रेस के लिए सत्ता सर्वोपरि है, जबकि भाजपा के लिए राष्ट्र पहले है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित