सीतापुर , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के बिसवां तहसील क्षेत्र के लालपुर में आयोजित 'संविधान बचाओ संवाद' कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने कहा कि देश को राजनीतिक आजादी तो मिल चुकी है, लेकिन सामाजिक और आर्थिक आजादी अभी अधूरी है। सीतापुर संसदीय क्षेत्र से सांसद राठौर ने कहा, "हम राजनीतिक रूप से तो स्वतंत्र हैं, लेकिन सामाजिक और आर्थिक जकड़न से अभी पूरी तरह मुक्त नहीं हो पाए हैं।" उन्होंने सामाजिक और आर्थिक समानता के लिए जाति जनगणना को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉ. आर.पी. वर्मा ने कहा कि बिसवां विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक जिला पंचायत में 'संविधान बचाओ संवाद' आयोजित किया जाएगा। उनका कहना था कि संविधान के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन से गांवों को सामाजिक और आर्थिक मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम की आयोजक एवं जागरूक नागरिक मंच की जिला अध्यक्ष रोशनी गुप्ता ने कहा कि संविधान से ही महिलाओं को अधिकार और समान अवसर मिलते हैं, इसलिए इसकी रक्षा के लिए महिलाओं को आगे आना चाहिए।

इस अवसर पर रागिनी वर्मा, विनीत राजवंशी, मोहिनी राजवंशी, विकास राजवंशी, माया, राधानंद, किशोर राजवंशी, विशंभर दयाल और रमेश चंद्र बघेल सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।

कांग्रेस प्रवक्ता अंकित भार्गव ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित