भोपाल , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य 11.60 प्रतिशत की विकास दर के साथ देश में सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाले प्रदेश के रूप में उभर रहा है और सरकार के पास जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज नई दिल्ली में एक राष्ट्रीय मीडिया समूह की वार्षिक समिट को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश ने सीमित संसाधनों में बेहतर परिणाम देने का मॉडल विकसित किया है। उन्होंने बताया कि राज्य में 106 प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं और इनके लिए पर्याप्त बजट प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलनों के माध्यम से निवेश का अनुकूल वातावरण बनाया गया है, जिसके परिणामस्वरूप लगभग नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रदेश में आया है। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत एक करोड़ से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जबकि किसानों को भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय मुद्दों पर विपक्ष को जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए और संकट के समय देश के साथ खड़ा होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को नदी जोड़ो परियोजनाओं जैसी महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं, जिनसे सिंचाई और पेयजल की समस्याओं का समाधान होगा। पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे मध्यप्रदेश और राजस्थान दोनों राज्यों को लाभ होगा।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में होने वाला यह आयोजन अब तक का सबसे भव्य और सुव्यवस्थित होगा। उन्होंने बताया कि दो माह की अवधि में लगभग 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बाघों की संख्या देश में सर्वाधिक है और चीतों की संख्या भी बढ़कर 50 से अधिक हो गई है। विभिन्न अभयारण्यों में संरक्षण और पुनर्वास के प्रयास लगातार जारी हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार की चर्चा करते हुए बताया कि राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और बीते दो वर्षों में ही 10 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास के लिए मिशन मोड में कार्य कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित