अहमदाबाद , दिसंबर 28 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुजरात के अहमदाबाद में रविवार को कहा कि देश में समग्र दृष्टिकोण वाला एक स्वास्थ्य तंत्र बनाया जा रहा है।
श्री शाह और राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में यहां भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। आईएमए की शताब्दी के अवसर पर उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दीं और नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल नायक को ऊर्जावान बताया तथा कामना की कि उनके माध्यम से एसोसिएशन को नई ऊर्जा और गति प्राप्त होगी।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि देश में स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 1,65,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं और देश में समग्र दृष्टिकोण वाला एक स्वास्थ्य तंत्र बनाया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि यदि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करना है तो स्वस्थ जनसंख्या आवश्यक है और इस संबंध में डॉक्टरों की भूमिका महत्वपूर्ण बनी रहेगी। डॉक्टरों को बीमारी के बजाय स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित