नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि देश के युवाओं और सरकार के साझा प्रयासों से देश में खेलों का अभूतपूर्व विकास हो रहा है।
श्रीमती मुर्मु ने बुधवार को बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा, " भारत के युवाओं और मेरी सरकार के साझा प्रयासों से देश में खेलों का भी अभूतपूर्व विकास हो रहा है। जिस प्रकार हमारी बेटियों का और हमारे दिव्यांग साथियों का प्रदर्शन रहा है, वह शानदार है। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्व कप जीता है। इसी प्रकार ब्लाइंड वीमेन क्रिकेट टीम ने भी वर्ल्ड कप जीता। मैं अपनी बेटियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देती हूं। "उन्होंने कहा कि बीते दशक में भारत में खेल से जुड़ी हर व्यवस्था में सुधार किये गये हैं। मेरी सरकार ने खेलो भारत नीति बनायी है और खेलों से जुड़ी संस्थाओं को पारदर्शी बनाया है। हमारी तैयारियों और आत्मविश्वास का परिणाम है कि भारत को 2030 कामनवेल्थ खेलों की मेजबानी का दायित्व दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित