तेहरान , जनवरी 19 -- ईरान के अंतिम शाह के निर्वासित बेटे रजा पहलवी ने कहा है कि इस समय ईरान में 'कब्जे और आजादी' को लेकर लड़ाई चल रही है और वह देश के लोगों की भावनाओं को समझते हुए वापस लौटेंगे।
श्री पहलवी ने एक वीडियो संदेश में ईरानियों को संबोधित करते हुए आगे कहा "ईरानी लोगों ने मुझे नेतृत्व करने के लिए बुलाया है। मैं ईरान लौटूंगा।"गौरतलब है कि बाजार में देश की करेंसी रियाल की कीमत कम होने को लेकर 28 दिसंबर 2025 को तेहरान में जो प्रदर्शन शुरू हुआ था, वह तेजी से पूरे देश में फैल गया और सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन गया।
सर्वोच्च नेता अली खामेनेई ने शनिवार को स्वीकार किया कि अशांति में 'कई हजार' लोग मारे गए हैं और इसका जिम्मेदार अमेरिका और इजरायल हैं।
सरकार ने प्रदर्शनकारियों की मुश्किलों को माना है और बढ़ती आर्थिक दिक्कतों को दूर करने का वादा किया है, लेकिन यह भी कहा है कि सरकारी इमारतों पर हमले वाले प्रदर्शनों को बाद में प्रशिक्षित और हथियारबंद 'आतंकवादियों' और विदेशी ताकतों ने कब्जा कर लिया।
ईरान में की मौजूदा स्थिति को देखते हुए लोकतंत्र समर्थक श्री पहलवी ने इस्लामिक गणराज्य की नीति से मुक्त देश के लिए एक नयी योजना पेश की है जिसमें शांति, खुशहाली और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ सहयोग का वादा किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित