नयी दिल्ली , फरवरी 03 -- देश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए अखिल भारतीय शिक्षा सेवा शुरू करने की मंगलवार को राज्यसभा में मांग की गयी। भारतीय जनता पार्टी के गोंविदभाई लालजीभाई ढोलकिया ने शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि सिविल सेवा परीक्षा से देश भर में श्रेष्ठ अधिकारी मिल रहे हैं । इसे देखते हुए देश में अच्छे शिक्षकों की उपलब्धता बढाने के लिए अखिल भारतीय शिक्षा सेवा शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सेवा देश में शिक्षा व्यवस्था को नयी ऊंचाई पर ले जाने तथा भारत को ज्ञान के क्षेत्र में विश्व गुरू बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी। सदस्य ने कहा कि यह सेवा भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में भी सहयोगी होगी।

बीजू जनता दल के देवाशीष सामंतराय ने मांग की कि जब भी राष्ट्रपति , उप राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री सांसदों के क्षेत्र में किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेने जायें तो सांसदों को भी उस कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में उप राष्ट्रपति कटक के उनके क्षेत्र में सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के अनावरण के कार्यक्रम में गये थे लेकिन जिला अधिकारी ने उन्हें ( सांसद) को कार्यक्रम में आने का निमंत्रण नहीं दिया जबकि अन्य जन प्रतिनिधियों को इसका निमंत्रण दिया गया था। उन्होंने कहा कि यह राज्यसभा का अपमान है और इसके लिए कटक के जिलाअधिकारी को विशेषाधिकारहनन का नोटिस दिया जाना चाहिए।

भाजपा के सिकंदर कुमार ने हिमाचल प्रदेश में पूर्व सैनिकों के लिए कैंटीन की सुविधा की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि तीन हजार से भी अधिक पूर्व सैनिकों को एक कैंटीन के भरोसे रखा गया है जहां हर रोज अत्यधिक भीड़ रहती है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों को कैंटीन की सुविधा के लिए 30 से 35 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है।

कांग्रेस की रंजीत रंजन ने स्वास्थ्य क्षेत्र की बीमा कंपनियों की मनमानी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बिना सख्त नियमों के ये कपंनी मनमाने तरीके से दावों को खारिज कर रही हैं। कंपनी दावों को अटकाने के लिए अनेक दस्तावेज मांगती है और तकनीकी कारणों का हवाला देकर दावे खारिज कर रही हैं। उन्होंने बीमा कंपनियों के लिए सख्त दिशा निर्देश जारी करने की मांग की ।

जद यू के संजय झा ने बच्चों को सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री से बचाने के लिए सख्त नियम बनाने की मांग की। उहोंने कहा कि मोबाइल फोन के ज्यादा इस्तेमाल से बच्चों की आंखों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

राष्ट्रीय जनता दल के प्रो मनोज कुमार झा ने उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों की आत्महत्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले ढाई वर्षों में उत्पीड़न के कारण 40 छात्रों ने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि यह बहुत संवेदनशील मुद्दा है और इसे गंभीरता से लिये जाने की जरूरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित