नयी दिल्ली , नवंबर 4 -- केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के अनुसार देश भर में 35,22,512 हथकरघा श्रमिक और संबद्ध श्रमिक हैं। यह जानकारी वस्त्र राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने शुक्रवार को राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि विकास आयुक्त (हथकरघा) कार्यालय के माध्यम से अखिल भारतीय हथकरघा जनगणना 2019-20 में आयोजित की गयी थी। ये आंकड़े उसी रिपोर्ट पर आधारित हैं।
श्री मार्गेरिटा ने बताया कि उनका मंत्रालय, विकास आयुक्त (हथकरघा) कार्यालय के माध्यम से देश भर में राष्ट्रीय हथकरघा विकास कार्यक्रम (एनएचडीपी) का क्रियान्वयन कर रहा है। पिछले पाँच वर्षों के दौरान स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) सहित लगभग 22,72,085 बुनकरों को एनएचडीपी के अंतर्गत सहायता प्रदान की गयी है।
एनएचडीपी का एक घटक, क्लस्टर विकास कार्यक्रम (सीडीपी) है। इसके तहत 2015-16 से देश भर में उन्नत हथकरघे और सहायक उपकरण, वर्कशेड निर्माण, सौर प्रकाश इकाइयों, उत्पाद और डिज़ाइन विकास आदि जैसे विभिन्न समाधानाें के माध्यम से आवश्यकता आधारित वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए इसे कार्यान्वित किया जा रहा है। पिछले पाँच वर्षों के दौरान देश भर में 356 सीडीपी को वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित