श्रीगंगानगर , मार्च 24 -- राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने और अपने उद्योगपति मित्रों के फायदे के लिए पूरे देश को एक निजी कंपनी की तरह चला रही है।
श्रीमती सिंह मंगलवार को राजस्थान में श्रीगंगानगर में आयोजित नारी न्याय सम्मेलन में मुख्य अथिति के रूप में सम्बोधित कर रही थीँ। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जनता से वायदा किया था कि गैस सिलेंडर 400 रुपए में मिलेगा, लेकिन सत्ता में आते ही मोदी सरकार ने अमरीका के साथ व्यापार समझौता करके विदेश नीति का कबाड़ा कर दिया।
श्रीमती सिंह ने कहा कि अब पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के हालात और अंतरराष्ट्रीय कीमतों के कारण गैस सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। महिलाओं को फिर से लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सिलेंडर की कीमत दो हजार रुपए तक भी पहुंच सकती है।
श्रीमती सिंह ने विशेष रूप से श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों का जिक्र करते हुए कहा कि ये क्षेत्र कृषि के क्षेत्र में सबसे आगे हैं। कांग्रेस शासन में ही राजस्थान नहर का निर्माण हुआ, जिससे पूरा इलाका हरियाली से भर गया, लेकिन मोदी सरकार की अमरीका-केंद्रित व्यापार नीति ने पूरे देश के किसानों के लिए संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि यही स्थिति रही तो न खेती बचेगी, न व्यापार बचेगा और न ही युवाओं के लिए नौकरियां रहेंगी।
राजस्थान की भजनलाल सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राइजिंग राजस्थान कार्यक्रम के नाम पर दो तीन हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए, लेकिन इससे कोई निवेश नहीं आया। बस कार्यक्रम में आए मेहमानों की सुख-सुविधाओं पर यह राशि खर्च हो गई।
वहीं सरकारी विद्यालयों के आधारभूत ढांचे में सुधार के लिए सरकार-खजाने में पैसा नहीं है, का रोना रोती है। उन्होंने कहा कि अगर यही पैसा विद्यालयों पर लगाया जाता तो पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों को कितनी बेहतर सुविधाएं मिल जातीं।
इससे पहले सम्मेलन के दौरान सारिकासिंह ने वरिष्ठ नेता कमला बिश्नोई को श्रीगंगानगर जिला महिला कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त करने का पत्र सौंपा। कमला बिश्नोई चौथी बार इस पद पर नियुक्त हुई हैं। वह चार बार पार्षद भी चुनी जा चुकी हैं।
सम्मेलन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक रूपेंद्रसिंह रूबी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अंकुर मगलानी, सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गैदर, विधायक शिमला नायक, पूर्व विधायक जगदीशचंद्र जांगिड़ आदि ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित