मुंबई , फरवरी 26 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि देश के राष्ट्रवादी मुसलमानों की देशभक्ति पर कोई संदेह नहीं है, लेकिन जो लोग भारत के विरोधियों को अपना आदर्श मानते हैं उन्हें 'बख्शा नहीं जाएगा'।

श्री फडणवीस ने गुरुवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उन नेताओं की आलोचना की जो टीपू सुल्तान और छत्रपति शिवाजी महाराज के बीच तुलना करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से देश में इतिहास का विकृत संस्करण पढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश को बताया गया कि टीपू सुल्तान एक महान राजा थे, लेकिन हजारों हिंदुओं और नायर समुदाय के लोगों की हत्या जैसे तथ्यों को हमसे छुपाया गया। अंग्रेजों के खिलाफ उनकी लड़ाई देश के लिए नहीं, बल्कि अपने राज्य की रक्षा के लिए थी।

श्री फडणवीस ने कहा कि जब से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में आई है, तब से 'सही इतिहास' पेश करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पिछली शैक्षणिक सामग्री की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की पाठ्यपुस्तकों में शिवाजी महाराज का केवल संक्षिप्त उल्लेख किया गया था, जबकि मुगलों के बारे में व्यापक रूप से बताया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित