नयी दिल्ली , अप्रैल 06 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आर्मी मेडिकल कोर के 262 वें स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत सोमवार को यहां सेना अस्पताल (रिसर्च एंड रेफरल) में नेत्र विज्ञान, कैंसर चिकित्सा तथा ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सेंटरों की आधारशिला रखी तथा दिल्ली छावनी स्थित बेस अस्पताल में नए बुनियादी ढांचे का शिलान्यास किया।
रक्षा मंत्री ने सैन्य चिकित्सा के क्षेत्र में उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए निरंतर नवाचार, क्षमता निर्माण और आधुनिक प्रौद्योगिकियों के एकीकरण के महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक प्रौद्योगिकी से लैस नई सुविधाएं सेवारत कर्मियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा प्रदान करेंगी।
उन्होंने देश के चारों कोनों में सेना अस्पताल (रिसर्च एंड रेफरल) के समान संस्थान स्थापित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने का सुझाव दिया, ताकि हर क्षेत्र के सैनिकों को उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि नए संस्थान बनाने के बजाय मौजूदा कमान और बेस अस्पतालों को उन्नत कर इस स्तर तक लाया जा सकता है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज के समय में 'सुरक्षा' का अर्थ केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। जब सैनिकों को श्रेष्ठ चिकित्सा सहायता का विश्वास होता है, तो वे बिना भय के अपने मिशन पूरे करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित