पटना, 01 फरवरी (वार्ता) राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने रविवार को पेश हुए केंद्रीय बजट के बाद कहा कि देश के इतिहास में इतना निराशाजनक बजट कभी आया, जिसमे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केवल सपने दिखाए और हकीकत में कुछ नही दिया।

श्री गगन ने लोकसभा में पेश किए गए वित्तीय वर्ष 2026-27 के केन्द्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस बजट में आम आदमी ठगा रह गया। उन्होंने कहा कि बजट से पहले ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि कोरोना काल में सीनियर सिटीजन की स्थगित की गई रेलवे रियायत को फिर से शुरू करने की घोषणा की जाएगी, लेकिन संसदीय समिति के अनुशंसा के बाद भी सरकार ने कुह नही किया।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि कर्मचारी बीमा योजना (ईपीएस) 95 के 78 लाख अंशधारकों की पेंशन राशि में बढ़ोत्तरी की मांग को भी नजरंदाज कर दिया गया। आयकर में भी कोई छूट नहीं दी गई और बिहार को तो इस बार कोई झुनझुना भी नहीं दिया गया।

श्री गगन ने कहा कि लग रहा है कि केन्द्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार के नक्शे से चुनाव के बाद बिहार गायब हो गया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ने अपने 1 घंटे 25 मिनट के बजट भाषण में बिहार का कोई जिक्र नहीं किया, जबकि 2025-26 के बजट भाषण में आठ बार और 2024-25 के बजट के समय 11 बार बिहार की चर्चा की गई थी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में यह हाल हो गया कि केन्द्रीय वित्त मंत्री बिहार को हीं भूल गईं जबकि केन्द्र में राजग सरकार बनाने में सबसे बड़ा योगदान बिहार का है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित