मैनपुरी , जनवरी 24 -- उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश केवल एक राज्य नहीं बल्कि यह देश की आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक गौरव का केंद्र है। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश की यह भूमि गंगा-यमुना की पुण्यधारा से सिंचित है, भारतीय संस्कृति का विश्व में शंखनाद करने वाला प्रदेश है। उन्होने कहा " हम सौभाग्यशाली हैं कि हम उस प्रदेश के वासी हैं, जहां भगवान विष्णु, श्रीकृष्ण, प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि स्थित है। भगवान श्रीराम ने उत्तर से दक्षिण तक यात्रा कर पूरे भारत को एक सूत्र में बांधा और समाज के वनवासी, गिरिवासी, आदिवासी तथा वंचित वर्गों को संगठित कर शक्ति का निर्माण किया, रावण जैसी सबसे बड़ी शक्ति को परास्त कर यह संदेश दिया कि संगठित समाज दुनिया की किसी भी ताकत को पराजित कर सकता है, भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश का मार्ग दिखाया, कुरुक्षेत्र के मैदान में उन्होंने अर्जुन को कर्म का महत्व समझाकर जीवन में संघर्ष और कर्तव्य का संदेश दिया, श्रीकृष्ण का यह उपदेश आज भी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।"श्री उपाध्याय ने कहा कि भगवान शंकर का प्राकट्य केंद्र भी उत्तर प्रदेश है, भगवान शंकर ने पूरे भारत को ज्योतिर्लिंगों, शक्तिपीठों के माध्यम से एकता के सूत्र में बांधा। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश केवल धार्मिक भूमि नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता का भी प्रतीक है। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध ने पहला उपदेश सारनाथ में दिया और उन्होंने अंतिम सांस कुशीनगर में ली, जैन तीर्थंकरों की स्थली भी उत्तर प्रदेश है, यह प्रदेश ऋषि-मुनियों की तपस्थली रहा है, जहां भारद्वाज, वशिष्ठ, वाल्मीकि, विश्वामित्र, दुर्वासा, भृगु जैसे महान तपस्वियों ने साधना की, काशी विश्व की सबसे प्राचीन नगरी, नैमिषारण्य, शुक्रताल, प्रयागराज का संगम, अयोध्या, मथुरा, वृंदावन जैसे असंख्य तीर्थ स्थल उत्तर प्रदेश को अद्वितीय पहचान प्रदान करते हैं, यह भूमि केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना का भी केंद्र रही है। उन्होनेे कहा कि उत्तर प्रदेश साहित्य और संस्कृति की जननी है, महाभारत, रामायण, उपनिषद और रामचरितमानस जैसी महान रचनाओं का सृजन इसी धरती पर हुआ, भक्ति आंदोलन का उद्गम भी उत्तर प्रदेश मे ही हुआ, सूरदास, तुलसीदास, कबीर, रसखान जैसे संत कवियों ने प्रेम, भक्ति और सद्भाव का संदेश दिया, आधुनिक साहित्य में प्रेमचंद, भारतेन्दु हरिश्चंद्र, हजारी प्रसाद द्विवेदी, रामचंद्र शुक्ल, राहुल सांकृत्यायन जैसे महान साहित्यकार उत्तर प्रदेश की देन हैं, काव्य जगत में जयशंकर प्रसाद, महादेवी वर्मा, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, सुमित्रानंदन पंत, हरिवंश राय बच्चन जैसे कवियों ने प्रदेश को गौरवान्वित किया।
उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश स्वतंत्रता संग्राम और क्रांति की भूमि भी है, महारानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर आजाद, मंगल पांडेय, पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान जैसे वीरों ने अंग्रेजी सत्ता को चुनौती दी, यह प्रदेश राष्ट्रभक्ति, बलिदान और साहस का प्रतीक है, गंगा, यमुना, सरयू, गोमती, घाघरा, गंडक, रामगंगा, शारदा जैसी पवित्र नदियां यहां बहती हैं, इन नदियों का जल केवल प्राकृतिक संपदा नहीं, बल्कि हमारी आस्था और संस्कृति की पहचान है। उन्होने कहा कि ब्रज, अवधी, भोजपुरी, बुंदेली, खड़ी बोली, संस्कृत और उर्दू जैसी भाषाओं की समृद्ध परंपरा यहां विकसित हुई, यहां के मेले और पर्व भारतीय संस्कृति को जीवंत बनाए रखते हैं, महाकुंभ, माघ मेला, नौचंदी मेला, गढ़मुक्तेश्वर मेला, बटेश्वर मेला जैसे आयोजन हमारी परंपराओं को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाते हैं।
श्री उपाध्याय ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उ.प्र. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, प्रदेश अब सुशासन, सुरक्षा-समृद्धि का मॉडल बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ओडीओपी योजना ने प्रदेश के पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान दी है, कृषि उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी है, गेहूं, चावल, मक्का, दलहन और तिलहन सहित हर फसल में प्रदेश अव्वल है, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को घर देने में उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे है, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में प्रदेश ने ऐतिहासिक प्रगति की है, सर्वाधिक एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में हैं, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी अभूत-पूर्व परिवर्तन हुआ है।उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जब जिले, गांव विकसित होंगे, तब प्रदेश विकसित होगा और प्रदेश विकसित होगा तो देश विकसित होगा, यदि उत्तर प्रदेश महान बनेगा, तो भारत भी महान बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित