अलवर , दिसम्बर 26 -- राजस्थान के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शुक्रवार को धर्म, एवं मातृभूमि की रक्षा के लिए अल्पायु में ही अपने प्राणों की आहुति देने वाले सिख धर्म के दशम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों को श्रृद्धा सुमन अर्पित करके श्रृद्धांजलि अर्पित की।
श्री शर्मा ने कम्पनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर वीर बाल दिवस (शहादत दिवस) के अवसर पर चाणक्य परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गुरू गोविन्द सिंह एवं उनके साहिबजादों जोरावर सिंह एवं फतेह सिंह को नमन करते हुए कहा कि देश के इन वीरों द्वारा दिए गए बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उनका बलिदान आने वाली पीढिय़ों को धर्म, सत्य और राष्ट्ररक्षा के मार्ग पर सदैव प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि इन वीरों ने अपना बलिदान देकर देश के प्रति आस्था, सनातन धर्म के प्रति समर्पण का संदेश दिया है, जिनका अनुसरण हमारी वर्तमान पीढी को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा वीरों को नमन करके श्रृद्धांजलि अर्पित करने के लिये वीर बाल दिवस मनाए जाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि देश की अस्मिता की सुरक्षा में सिख समाज का महत्वपूर्ण स्थान रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित