रांची , फ़रवरी 07 -- झारखंड की राजधानू रांची के हटिया मजदूर यूनियन (सीटू) के अध्यक्ष भवन सिंह ने 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए एचईसी मजदूरों से एकजुट होने की अपील की है।
श्री सिंह ने आज कहा कि यह हड़ताल केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों और चार श्रम संहिताओं के खिलाफ है। शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने बताया कि 9 फरवरी को धनबाद में वार्ता होगी। इसके बाद 11 फरवरी को नेहरू पार्क और 12 फरवरी को एचईसी मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने मजदूरों से इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
श्री सिंह ने आरोप लगाया कि चारों श्रम संहिताएं मजदूरों के संघर्ष से मिले अधिकारों को कमजोर कर मालिकों के पक्ष में बनाई गई हैं, जिससे मजदूरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने एचईसी प्रबंधन पर श्रम कानूनों का पालन नहीं करने का भी आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित