अयोध्या , दिसम्बर 19 -- अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक के प्रथम दिन संगठन को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और वैचारिक रूप से सशक्त बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में 11 सूत्रीय सामाजिक चेतना कार्यक्रम के अंतर्गत विवाह आयोजनों में प्री-वेडिंग शूट पर रोक, शाकाहार को बढ़ावा देने, लिफाफा प्रथा समाप्त करने और भोजन की बर्बादी रोकने के लिए सामूहिक संकल्प जैसे विषयों पर विचार किया गया। इसके साथ ही युवा व्यापारियों को संगठन से जोड़ने के लिए आईवीएफ व्यापारी ऐप, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, समाज की राजनीतिक भागीदारी, सदस्यता विस्तार तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीतियों पर मंथन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक अग्रवाल व श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यसमिति का अयोध्या में आयोजन होना अपने आप में महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह भूमि भारतीय आस्था, संस्कृति और मूल्यों का प्रतीक है। कहा कि प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर आज देशवासियों के सामूहिक संकल्प, त्याग और दीर्घकालीन संघर्ष का परिणाम है। यह मंदिर केवल एक धार्मिक संरचना नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय आत्मसम्मान का प्रतीक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित