रायपुर, फरवरी 10 -- देश के दस प्रमुख ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच ने 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल का आह्वान किया है। यह हड़ताल केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई चार श्रम संहिताओं और अन्य कथित "जन-विरोधी" नीतियों के विरोध में आयोजित की जा रही है। संयुक्त किसान मोर्चा ने भी इस हड़ताल को अपना समर्थन दिया है।
ट्रेड यूनियन के नेताओं से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार,हड़ताल से पहले 11 फरवरी को देश के विभिन्न हिस्सों में मशाल जुलूस निकाले जाएंगे। रायपुर में यह रैली शाम 6 बजे सप्रे स्कूल से प्रारंभ होगी। ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच के संयोजक धर्मराज महापात्र ने कहा कि नई श्रम संहिताएं श्रमिकों के अधिकारों पर हमला हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये संहिताएं बिना उचित विचार-विमर्श के लागू की गई हैं, जिससे लगभग 70 प्रतिशत कारखाने श्रम कानून के दायरे से बाहर हो जाएंगे और श्रमिक सामाजिक सुरक्षा से वंचित रह जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित