रायपुर , मार्च 20 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को चार श्रेणियों में विभिन्न आयु वर्ग के लिए आयोजित होने वाली 'बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026' से देशभर के खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और पर्यटकों को जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राज्य की समृद्ध परंपरा, प्राकृतिक संपदा और जनभागीदारी का उत्सव है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस आयोजन को राज्य के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि बस्तर हेरिटेज मैराथन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राज्य की समृद्ध परंपरा, प्राकृतिक संपदा और जनभागीदारी का उत्सव है। 'बस्तर दौड़ेगा, देश जुड़ेगा' के संदेश के साथ यह आयोजन न केवल फिटनेस को बढ़ावा देगा, बल्कि बस्तर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री ने देशभर के खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और पर्यटकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश के हर कोने के लोग बस्तर आएं, यहां की प्रकृति, संस्कृति और ऊर्जा को महसूस करें और इस ऐतिहासिक मैराथन का हिस्सा बनें।
मैराथन इसकी शुरुआत जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान से होगी और समापन विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात पर होगा। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस रूट पर दौड़ते हुए प्रतिभागियों को बस्तर की अद्भुत वादियों और सांस्कृतिक पहचान का अनूठा अनुभव मिलेगा। मैराथन में 42 किलोमीटर (फुल मैराथन), 21 किलोमीटर (हाफ मैराथन), 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर (फन रन) की श्रेणियां रखी गई हैं ताकि हर आयु वर्ग और फिटनेस स्तर के लोग इसमें भाग ले सकें। मैराथन के विजेताओं के लिए कुल 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। जबकि मैराथन में हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 299 रुपये रखी गई। बस्तर संभाग के सातों जिलों के प्रतिभागियों के लिए यह पूरी तरह निःशुल्क है, ताकि स्थानीय स्तर पर अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित