चम्पावत , मार्च 20 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देवीधुरा स्थित प्रसिद्द माँ बाराही धाम के भव्य नवनिर्माण कार्य का वर्चुअल शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री प्रतिकूल मौसम के चलते चंपावत नहीं पहुंच पाए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माँ बाराही धाम सदियों से आस्था, शक्ति और लोक संस्कृति का केंद्र रहा है। उन्होंने इसे राजकीय मेला घोषित किए जाने को सरकार की प्रतिबद्धता बताया।
लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस नवनिर्माण कार्य से धाम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य के चारधाम, शक्तिपीठों और सिद्धपीठों के संरक्षण एवं पुनरुद्धार पर तेजी से कार्य हो रहा है।
उन्होंने "विकास भी, विरासत भी" के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के सुनियोजित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। चम्पावत के समग्र विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शारदा कॉरिडोर के तहत 179 करोड़ रुपये से शारदा घाट का पुनर्विकास कार्य शुरू हो चुका है, जबकि लगभग 430 करोड़ रुपये की लागत से गोल्ज्यू कॉरिडोर प्रस्तावित है।
इसके अलावा लोहाघाट के छमनिया में अत्याधुनिक एथलेटिक ट्रैक, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में भवन एवं छात्रावास निर्माण जैसे कई विकास कार्य प्रगति पर हैं। सड़क और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रीठा साहिब क्षेत्र में सड़कों का नवीनीकरण और देवीधुरा में नई पुलिस चौकी का निर्माण भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो डीबीटी के माध्यम से पारदर्शिता के साथ संभव हो रहा है।
कार्यक्रम से पूर्व स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भव्य कलश यात्रा निकाली, जिससे पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। माँ बाराही मंदिर के नवनिर्माण कार्य को दो से तीन वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें विशेष पत्थरों का उपयोग कर विशेषज्ञों की देखरेख में भव्य स्थापत्य तैयार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित