कोरबा/रायपुर , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता थर्मल पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर विस्फोट मामले में तत्काल जांच के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा है कि हादसे के लिए जिम्मेदार दोषियों पर श्रम कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्री देवांगन ने कहा, ''हादसे में घायल हुए मजदूरों के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मृतकों के परिजनों को शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देगी।''उन्होंने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा, ''राहत कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और सभी घायलों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।''मंत्री ने बताया कि जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं की बारीकी से जांच करेगी। उन्होंने कहा ''हादसे के समय सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, इसकी भी जांच होगी। ठेकेदार, सुपरवाइजर और प्रबंधन की भूमिका की समीक्षा की जाएगी।''श्री देवांगन ने दो टूक कहा, ''जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। श्रमिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।''छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सक्ती जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित