पौड़ी , दिसम्बर 23 -- उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम के तहत जिले की 115 न्याय पंचायतों में बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को इसी क्रम में विकासखंड खिर्सू की न्याय पंचायत देवलगढ़ में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। शिविर में कुल 276 लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर में प्रभारी जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाए।

बहुउद्देशीय शिविर के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी। शिविर में कुल 30 शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

प्रभारी जिलाधिकारी गुणवंत ने शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। शिविर में अधिकतर शिकायतें जल संस्थान, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग और वन विभाग से रहीं। उन्होंने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर जाकर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 18 दिसंबर से शुरू होकर आगामी 18 मार्च, 2026 तक जिले के सभी 115 न्याय पंचायतों में संचालित किया जाएगा, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, वन, होम्योपैथिक, उद्यान, खाद्य पूर्ति विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। सैनिक कल्याण विभाग ने सात पूर्व सैनिकों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उद्यान विभाग द्वारा 10 लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी गयी तथा तीन लोगों को यंत्र वितरण और 10 लाभार्थियों को कीटनाशक एवं खाद वितरित किये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित