देवरिया , अप्रैल 2 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भटनी कस्बे स्थित सुमित्रा इंडेन गैस सर्विस एजेंसी में प्रशासनिक जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, जिला पूर्ति अधिकारी और प्रशासनिक टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में एजेंसी के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और अभिलेखों में भारी गड़बड़ी पाई गई। जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर, मूविंग रजिस्टर और चालान प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिससे गैस आपूर्ति की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
निरीक्षण में ऑनलाइन स्टॉक और भौतिक स्टॉक के बीच बड़ा अंतर पाया गया। कई सिलेंडर रिकॉर्ड में दर्ज थे, लेकिन मौके पर उपलब्ध नहीं मिले, जबकि कुछ सिलेंडरों की संख्या वास्तविकता से भिन्न पाई गई। साथ ही यह भी सामने आया कि कुछ उपभोक्ताओं को बिना सिलेंडर दिए ही रिकॉर्ड में डिलीवरी दिखा दी गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित