देवरिया , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रूद्रपुर क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो बाल अपचारियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रूद्रपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज मुकदमे के तहत अर्जुन निषाद, ऋषि मौर्या और विकास निषाद को दो बाल अपचारियों के साथ गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को क्षेत्र के गोनाह सूरतपुरा बड़वा मंदिर से पहले बंधे के पास से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार विकास निषाद के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
गौरतलब है कि ग्राम श्रीनगर कोल्हुआ निवासी विकास तिवारी ने 27 फरवरी को तहरीर देकर बताया था कि 26 फरवरी की शाम वह तीन अन्य लोगों के साथ कार से जा रहे थे, तभी आरोपियों ने वाहन को घेरकर अवैध असलहे से जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित