देवरिया , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरी बाजार विकास खंड स्थित एक विद्यालय के सहायक अध्यापक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में शासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को यहां बेसिक शिक्षा कार्यालय में गठित जांच टीमों ने अपनी-अपनी जांच शुरू कर दी।

सूत्रों के अनुसार कुशीनगर निवासी कृष्ण मोहन सिंह गौरी बाजार क्षेत्र के कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय मदरसन में सहायक अध्यापक थे। वह गोरखपुर में परिवार के साथ रहते थे। बीस फरवरी की रात उन्होंने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पूर्व उन्होंने एक सुसाइड नोट लिखा तथा वीडियो बनाकर बेसिक शिक्षा विभाग के एक बाबू, बेसिक शिक्षा अधिकारी और एक अन्य व्यक्ति पर आरोप लगाए थे।

मृतक शिक्षक की पत्नी की तहरीर पर गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाने में देवरिया की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव, लिपिक संजीव सिंह और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक इस प्रकरण की जांच के लिए देवरिया और लखनऊ से दो टीमें गठित की गई हैं, जिन्होंने सोमवार से जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी। दिव्या मित्तल, जिलाधिकारी देवरिया ने जिला विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। इसके अतिरिक्त शासन स्तर से भी एक अलग जांच समिति बनाई गई है।

जांच शुरू होते ही बेसिक शिक्षा कार्यालय में हलचल तेज हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी भी की। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित