देवरिया , फरवरी 02 -- उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया द्वारा सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में जनपद स्तरीय करियर मेले के दौरान विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) शैलजा मिश्रा ने आमजन को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी और छात्रों को लक्ष्य निर्धारण व उसे प्राप्त करने के उपाय बताए। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों को दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य वृद्धा, विधवा पेंशन, कन्या सुमंगला, प्रधानमंत्री आवास, श्रमिक पेंशन, विश्वकर्मा सम्मान सहित अन्य योजनाओं की जानकारी व लाभ उपलब्ध कराना है। साथ ही, शिविरों के माध्यम से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान कर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित